महाराष्ट्र में पांच वर्षों में 75 हजार सड़क दुर्घटनाएं

मुंबई/नई दिल्ली। महाराष्ट्र में वर्ष 2018 से 2022 के बीच लगभग 75 हजार सड़क दुर्घटनाएं हुई हैं। इनमें तेज गति से वाहन चलाना, मोबाइल का इस्तेमाल और नशे की हालत में गाड़ी चलाना मुख्य कारण बताए गए हैं। यह जानकारी केंद्रीय सड़क परिवहन और राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने लोकसभा में शिवसेना (शिंदे गुट) के सांसद रविन्द्र वायकर और नरेश म्हस्के के सवाल के लिखित जवाब में दी।
राष्ट्रीय और राज्यीय राजमार्गों पर हजारों हादसे
गडकरी ने बताया कि इन पांच वर्षों में महाराष्ट्र के राष्ट्रीय राजमार्गों (नेशनल हाइवे) पर 41,134 दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जबकि प्रादेशिक मार्गों (स्टेट हाइवे) पर 33,717 सड़क हादसे हुए।
सड़क सुरक्षा नियमों के उल्लंघन से बढ़ रही दुर्घटनाएं
आंकड़ों के मुताबिक, सड़क दुर्घटनाओं की प्रमुख वजहों में तेज रफ्तार, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग, गलत दिशा में गाड़ी चलाना, लाल बत्ती का उल्लंघन, हेलमेट और सीट बेल्ट न पहनना और सड़क की खराब स्थिति शामिल हैं। सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और नियमों के कड़ाई से पालन की जरूरत है ताकि इन दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।